छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से तुरंत राहत मिलने के संकेत नहीं हैं, हालांकि 29 मई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजनांदगांव सबसे गर्म शहर
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कई शहरों में 44 डिग्री के पार पारा
रायपुर में दिनभर तेज गर्मी का असर रहा। माना एयरपोर्ट में तापमान 44.6 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा बिलासपुर में 44.5 डिग्री, दुर्ग में 44.7 डिग्री और लालपुर रायपुर में 44.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
प्रदेश में एक्टिव हैं कई वेदर सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ सकता है।
हल्की बारिश और तेज हवाओं के संकेत
27 से 29 मई के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट भी जारी किया गया है।
29 मई से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मई के बाद प्रदेश में बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।