रायपुर- छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य और उत्तर हिस्सों में अगले 48 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तेज बारिश के चलते सूरजपुर में गोबरी नदी पर बना रपटा पुल बह गया, जबकि मुंगेली में कारीडोंगरी पुल डूबने से कई गांवों का संपर्क कट गया है।
सूरजपुर में एक महीने पहले बना रपटा पुल बहा
लगातार बारिश के कारण सूरजपुर जिले की गोबरी नदी उफान पर आ गई, जिससे करीब एक महीने पहले बना रपटा पुल तेज बहाव में बह गया। पुल टूटने से डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और नेशनल हाईवे-43 से संपर्क टूट गया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।
मुंगेली में डूबा पुल, 20 गांवों का संपर्क बाधित
मुंगेली जिले में मनियारी और आगर नदियों के उफान पर होने से कारीडोंगरी पुल पानी में डूब गया। इसके चलते लोरमी ब्लॉक के करीब 20 गांवों का आवागमन प्रभावित हो गया। प्रशासन ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है और लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।
बिलासपुर और जांजगीर में भी बारिश का असर
जांजगीर-चांपा के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा तेज बारिश में बह गया। एहतियातन 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया। वहीं बिलासपुर में नेशनल हाईवे-49 पर कई जगह 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है।