रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री को लेकर मौसम विभाग ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। इसी के चलते 11 जून से राज्य में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मानसून के लिए बन रहे अनुकूल हालात
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में सक्रिय है और जल्द ही छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में इसकी दस्तक हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और मध्य भारत से गुजर रही द्रोणिका के कारण प्रदेश में नमी का स्तर बढ़ रहा है।यह मौसम प्रणाली मानसून की प्रगति को और गति दे रही है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
8 से 10 जून तक हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 जून तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
11 और 12 जून से बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
11 और 12 जून को प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं। इन दिनों कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
तापमान में बड़ा बदलाव नहीं, लेकिन राहत संभव
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। रायपुर के माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन बादलों और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है।