रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अगले चार दिनों तक राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं और जल्द ही मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय हो सकता है।
कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक 29 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। अगले चार दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की उम्मीद है।विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मानसून की गतिविधियां होंगी और तेज
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई है। अब 29 जून से वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के आसार हैं। इसके प्रभाव से कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है।
तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट के आसार
बारिश बढ़ने के साथ ही प्रदेश के अधिकतम तापमान में भी कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
रविवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज हुआ। इससे आने वाले दिनों में मौसम के और सुहावना होने की उम्मीद जताई जा रही है।