छत्तीसगढ़ में नौतपे का असर लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है।
तीसरे दिन भी नहीं मिलेगी राहत
नौतपे के तीसरे दिन भी तापमान में किसी बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म रहा राजनांदगांव
प्रदेश में राजनांदगांव लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर के लालपुर क्षेत्र में 45.1 डिग्री और माना एयरपोर्ट में 45.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।इसके अलावा बिलासपुर में 45.1 डिग्री, दुर्ग में 45.2 डिग्री, अंबिकापुर में 42.8 डिग्री और जगदलपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बस्तर संभाग में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बस्तर संभाग के सभी जिलों—सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव—में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना है।
इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
29 मई से मौसम बदलने के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। हल्की बारिश और बादलों की गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि फिलहाल अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
रात में भी गर्मी से राहत नहीं
रायपुर समेत कई जिलों में रात का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इससे लोगों को रात में भी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन गर्म हवाओं ने परेशानी और बढ़ा दी है।