छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए शुक्रवार देर रात 24 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी सूची में एक आईजी रेंज, कई डीआईजी, एआईजी और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) की नई पदस्थापना की गई है।सरकार के इस फैसले को कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में प्रभावी समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजनांदगांव रेंज को मिला नया आईजी
तबादला आदेश के तहत आईपीएस अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है। वहीं बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर भेजा गया है।
इसके अलावा प्रशांत कुमार अग्रवाल को आईजी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशांत कुमार ठाकुर, रामकृष्ण साहू, श्वेता राजमणी, राजेश कुकरेजा, भावना गुप्ता और रवि कुमार कुर्रे सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
12 जिलों में नए पुलिस अधीक्षक नियुक्त
सरकार ने दंतेवाड़ा, कोरिया, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बलोद, सूरजपुर, कबीरधाम, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और बेमेतरा सहित कई जिलों में नए एसपी नियुक्त किए हैं।
नई नियुक्तियों के तहत चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा, त्रिलोक बंसल को बेमेतरा, भावना पांडेय को धमतरी, हरीश राठौर को कोरिया, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर, उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर और मयंक गुर्जर को सुकमा जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
रायपुर पुलिस में भी हुए अहम बदलाव
तबादला सूची के अनुसार रॉबिन्सन गुरिया को रायपुर पुलिस के पश्चिम जोन का पुलिस उपायुक्त (DCP) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कई आईपीएस अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। सरकार का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाना है।