रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए गणवेश वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही यूनिफॉर्म के दोनों सेट उपलब्ध कराए जाएंगे। पहले एक सेट सत्र शुरू होने पर और दूसरा सेट अक्टूबर-नवंबर के दौरान वितरित किया जाता था, लेकिन इस बार दोनों सेट एक साथ देने का निर्णय लिया गया है।
नए रंग की यूनिफॉर्म में नजर आएंगे विद्यार्थी
कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को गणवेश प्रदान किया जाता है। इस बार बच्चे पारंपरिक सफेद शर्ट और नीली पैंट की जगह कत्थई रंग की पैंट और नीले रंग की चेक शर्ट में दिखाई देंगे। गणवेश निर्माण और वितरण की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित को सौंपी गई है।
दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को दी गई प्राथमिकता
संघ के अनुसार वितरण कार्य में बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग के दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। इन तीनों संभागों में दोनों सेट की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। वहीं दुर्ग संभाग में गणवेश वितरण का कार्य तेजी से जारी है, जबकि रायपुर संभाग में भी वितरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
10 जून तक सभी जिलों में पहुंचेंगे गणवेश
शिक्षा विभाग का दावा है कि 10 जून तक प्रदेश के सभी जिलों में दो-दो सेट गणवेश पहुंचा दिए जाएंगे, ताकि प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को समय पर इसका लाभ मिल सके। गणवेश निर्माण का कार्य प्रदेश के 2,001 महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार को भी बढ़ावा मिला है।
बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर में शत-प्रतिशत आपूर्ति
विभागीय आंकड़ों के अनुसार बस्तर संभाग में 8 लाख 16 हजार 692 गणवेश की मांग के अनुरूप पूरी आपूर्ति कर दी गई है। इसी तरह सरगुजा संभाग में 8 लाख 4 हजार 130 और बिलासपुर संभाग में 6 लाख 52 हजार 876 गणवेश की मांग पूरी कर ली गई है।
दुर्ग और रायपुर संभाग में जारी है वितरण
दुर्ग संभाग में 10 लाख 17 हजार 697 गणवेश की मांग दर्ज की गई है, जिनमें से 1 लाख 45 हजार 694 गणवेश की आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि शेष गणवेश भेजे जा रहे हैं। वहीं रायपुर संभाग में 10 लाख 21 हजार 760 गणवेश की मांग के अनुरूप वितरण कार्य जारी है।
प्रदेशभर में 50 लाख से अधिक गणवेश की मांग
राज्य स्तर पर कुल 50 लाख 93 हजार 769 गणवेश की मांग प्राप्त हुई है। इनमें से अब तक 28 लाख 9 हजार 699 गणवेश की आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि शेष 22 लाख 84 हजार 70 गणवेश की आपूर्ति प्रक्रिया जारी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार उत्पादन और परिवहन कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी स्कूलों तक गणवेश पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।