छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से होगी। इस अवसर पर पूरे प्रदेश में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्कूलों में प्रवेशोत्सव को उत्साहपूर्ण और जनभागीदारी आधारित बनाने पर जोर दिया है।
गांवों और शहरों में होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार शाला प्रवेश उत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे तथा जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराई जाएगी, वहीं शहरी वार्डों में भी लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूल विकास समिति के सदस्यों और अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल भवनों की सफाई और मरम्मत 15 जून तक पूरी करने के निर्देश
विभाग ने सभी स्कूलों को सत्र शुरू होने से पहले भवनों की साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्कूल परिसर को आकर्षक बनाने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया गया है। मरम्मत योग्य भवनों का कार्य 15 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी पहले से तैयार रखने को कहा गया है।
नए विद्यार्थियों के प्रवेश पर रहेगा विशेष फोकस
कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त की जाएगी। वहीं प्राथमिक विद्यालयों से कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सूची और स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) लेकर उन्हें कक्षा छठवीं में प्रवेश दिलाया जाएगा। विभाग ने स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए हैं।
शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और पढ़ाई का रोडमैप तैयार होगा
शाला प्रारंभ होने से पहले जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए जिला और विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर भी आयोजित किए जा सकते हैं। साथ ही शिक्षकों को आगामी तीन महीनों की पढ़ाई का विस्तृत रोडमैप तैयार करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों को मिलेंगी मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिल
शाला प्रवेश उत्सव में स्थानीय समुदाय, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। इच्छुक लोग विद्यार्थियों को स्लेट, पेंसिल, कॉपी, स्कूल बैग और अन्य शैक्षणिक सामग्री भी उपलब्ध करा सकेंगे। उत्सव के दौरान पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और साइकिल का वितरण भी किया जाएगा।