रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है। UCC का प्रारूप तैयार करने के लिए गठित जस्टिस रंजना देसाई समिति की पहली बैठक आज आयोजित की जाएगी। बैठक दोपहर 12 बजे मुख्य सचिव विकास शील के कक्ष में होगी।
UCC के प्रारूप को लेकर होगी अहम चर्चा
समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने और इसके लिए आवश्यक प्रारूप तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। समिति राज्य में UCC लागू करने से संबंधित वर्तमान विधिक स्थिति और कानूनी प्रावधानों का अध्ययन करेगी।
समिति में पांच सदस्य शामिल
समान नागरिक संहिता के लिए गठित समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जस्टिस रंजना देसाई कर रही हैं। समिति में उत्तराखंड के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी शत्रुघ्न सिंह, छत्तीसगढ़ के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी एमके रावत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और सेवानिवृत्त प्राचार्य ज्योति रानी सिंह सदस्य के रूप में शामिल हैं।
विवाह से लेकर दत्तक ग्रहण तक विषयों का होगा अध्ययन
समिति समान नागरिक संहिता के तहत विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और दत्तक ग्रहण समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन करेगी। इन विषयों से जुड़े कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद समिति UCC का प्रारूप तैयार करेगी।
राज्य सरकार को सौंपी जाएगी अनुशंसा
समिति अध्ययन और विचार-विमर्श के बाद समान नागरिक संहिता के प्रारूप को तैयार कर अपनी अनुशंसाएं राज्य सरकार को सौंपेगी। इसके आधार पर छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।