छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी शासकीय और तकनीकी प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं, ताकि चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू तरीके से संपन्न कराए जा सकें।
इन 15 निकायों और 2 नई नगर पंचायतों में होंगे चुनाव
बैठक में बताया गया कि दिसंबर 2026 में कार्यकाल पूरा कर रहे 15 नगरीय निकायों में आम चुनाव कराए जाएंगे।इनमें शामिल हैं—
4 नगर निगम: बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली।
5 नगरपालिका परिषद: जामुल, सारंगढ़, बैकुण्ठपुर, शिवपुर-चरचा और खैरागढ़।
6 नगर पंचायत: प्रेमनगर, मारो, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ और भोपालपट्टनम।
इसके अलावा नवगठित तमनार और बड़ी करेली नगर पंचायतों में पहली बार आम चुनाव कराए जाएंगे।
परिसीमन और आरक्षण का कार्य अंतिम दौर में
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव ने बैठक में बताया कि सभी 15 नगरीय निकायों में महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में वार्ड पार्षदों के आरक्षण का कार्य तेजी से जारी है।नई नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण तथा बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
बैठक में आकस्मिक रिक्तियों के कारण दो वार्ड पार्षद पदों पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान आयोग की सचिव शिखा राजपूत सहित निर्वाचन आयोग और नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।