छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए हैं। अज्ञात हैकरों ने उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया है। इसके बाद उनके नाम और पहचान का इस्तेमाल कर परिचितों एवं समर्थकों को मैसेज भेजे जा रहे हैं।
परिचितों से मांगे जा रहे पैसे
साइबर ठग डॉ. सलीम राज के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर लोगों से आर्थिक मदद मांग रहे हैं। व्हाट्सएप मैसेज के जरिए पैसे ट्रांसफर करने की अपील की जा रही है। मामले के सामने आने के बाद लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।
मीडिया विभाग ने जारी की चेतावनी
इस पूरे मामले की जानकारी डॉ. सलीम राज के मीडिया विभाग द्वारा सार्वजनिक की गई है। मीडिया विभाग ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि डॉ. सलीम राज के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या पैसों की मांग पर भरोसा न करें।
ग्रुप में दी अकाउंट हैक होने की जानकारी
व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे गए एक संदेश में डॉ. सलीम राज ने स्वयं जानकारी दी कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों से पैसे मांग रहे हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
डॉ. सलीम राज ने सभी परिचितों, समर्थकों और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी मैसेज या आर्थिक सहायता संबंधी अनुरोध पर प्रतिक्रिया न दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित व्यक्ति या साइबर पुलिस को देने की बात कही गई है।
बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के मामले
हाल के दिनों में सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स के जरिए साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। साइबर अपराधी प्रतिष्ठित व्यक्तियों के अकाउंट हैक कर उनके नाम का दुरुपयोग करते हुए लोगों को निशाना बना रहे हैं।