छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम के डबल अटैक की चेतावनी जारी की है, जिसमें गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का दौर शामिल रहेगा। 13 जून से 17 जून के बीच कई जिलों में मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई गई है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात और गरज-चमक की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मानसून की एंट्री के लिए अनुकूल परिस्थितियां
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा तेजी से आगे बढ़ रही है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
तापमान में गिरावट दर्ज
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में मौसम रहेगा बदला हुआ
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ की स्थिति बन सकती है। तापमान 39 डिग्री अधिकतम और 26 डिग्री न्यूनतम के आसपास रहने का अनुमान है।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। वज्रपात के समय घर के अंदर रहने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग से बचने की अपील की गई है। किसानों को भी अपनी फसलों और उपज को सुरक्षित स्थान पर रखने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।