छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से अधिकांश जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 8 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है।
बालोद में खेत की जमीन धंसी
लगातार बारिश के चलते बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक स्थित ग्राम भानपुरी के एक खेत में अचानक जमीन धंस गई। घटना में करीब 20 फीट चौड़ा और 30 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
सरगुजा का लोसंगा नाला उफान पर
लगातार बारिश के कारण सरगुजा जिले का लोसंगा नाला उफान पर बह रहा है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा सेंचुरी क्षेत्र स्थित माड़ोसिल्ली झरना भी पूरी तरह लबालब भर गया है। वहीं जशपुर की पहाड़ियां और जंगल घने कोहरे से ढके नजर आ रहे हैं।
बेमेतरा में बारिश से हालात बिगड़े
बेमेतरा जिले में कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। लगातार बारिश किसानों और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कई खेतों में जरूरत से ज्यादा पानी भर जाने के कारण धान की बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है।
जिला अस्पताल के डायलिसिस सेंटर में टपकी छत
बेमेतरा जिला अस्पताल में भी बारिश का असर देखने को मिला। डायलिसिस सेंटर की छत से पानी टपकने लगा, जिसके चलते वार्ड में बाल्टियां और टब रखकर पानी एकत्र किया गया। इन परिस्थितियों के बीच मरीजों का उपचार जारी रखा गया।
आज से कम हो सकती है बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से व्यापक बारिश हो रही है।
यह सिस्टम उत्तरी ओडिशा से आगे बढ़ते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर सक्रिय रहेगा, जिससे कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी। हालांकि विभाग का अनुमान है कि बुधवार, 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी।