छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। 4 जून से मौसम की गतिविधियां और तेज होने के आसार हैं। विभाग ने कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।
4 जून से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 5 और 6 जून को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यही रुख बना रहेगा। बादल छाए रहने, बारिश होने और वज्रपात की घटनाएं होने की आशंका जताई गई है।
इन मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य भारत से लेकर तेलंगाना और उत्तरी तमिलनाडु तक फैली द्रोणिका तथा ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में नमी लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से गरज-चमक और बारिश से जुड़ी गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है।
पिछले 24 घंटों में कई जगह हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
तापमान के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 5 दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।