रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के साथ मौसम का रुख बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
तापमान में दर्ज की गई गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद आगामी तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने 31 मई से 4 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
बिजली गिरने की भी आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में मौसम सुहावना बना रहेगा और प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।