छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
कई इलाकों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र में सबसे अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
अगले कुछ दिनों में मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। तापमान में गिरावट के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं।
30 और 31 मई को तेज हवाएं और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 मई को भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है।
जून की शुरुआत में भी बदले रहेंगे मौसम के तेवर
1 और 2 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी हुई है। वहीं 3 और 4 जून को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। हालांकि इन दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।