रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2 से 3 दिनों में प्रदेश में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
इसी बीच मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले 3 से 4 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में इसकी एंट्री हो सकती है। फिलहाल मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार की ओर आगे बढ़ रहा है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम काफी गर्म रहा। राजनांदगांव 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री तक वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मानसून की वर्तमान स्थिति और सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से बिहार तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन मौसमी प्रणालियों के कारण आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है और मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।