रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक बुधवार शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगी। भाजपा विधायक दल के सचिव ने सभी पार्टी विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री साय ने सोमवार शाम लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी।
मानसून सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा
भाजपा विधायक दल की बैठक में आगामी 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में सरकार की प्राथमिकताओं, विपक्ष के संभावित मुद्दों और सदन में प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन होने की संभावना है। साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से सदन में रखने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
पहली बार सत्र से पहले बुलाई गई विधायक दल की बैठक
मानसून सत्र शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले भाजपा विधायक दल की यह पहली बैठक है। माना जा रहा है कि सरकार आगामी सत्र को लेकर पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहती है। इसी उद्देश्य से सभी विधायकों को बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सदन में सरकार का पक्ष प्रभावी तरीके से रखा जा सके।
13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी।