रायपुर: छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का निर्माण भी करेगा। इसके साथ ही मंडल के नए लोगो का अनावरण किया गया, जो संस्था की नई सोच और विस्तारित जिम्मेदारियों का प्रतीक माना जा रहा है।
नए लोगो के साथ नई पहचान, बदलेगी मंडल की भूमिका
नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ संस्था की भूमिका भी बदल रही है। अब मंडल सिर्फ आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क, सार्वजनिक भवन, शहरी अधोसंरचना और अन्य विकास कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया लोगो विकास, आधुनिक सोच और प्रदेश की बदलती आवश्यकताओं को दर्शाता है।
नए लोगो के डिजाइनर को मिला 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान नए लोगो को डिजाइन करने वाले अंशुल कश्यप को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। उन्हें 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डिजाइन संस्था के भविष्य की नई दिशा और विजन को दर्शाता है।
दो साल में 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में गृह निर्माण मंडल ने 7,000 से अधिक परिसंपत्तियों की बिक्री की है। इससे मंडल को 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मजबूत वित्तीय स्थिति के कारण अब मंडल बड़े स्तर की अधोसंरचना परियोजनाओं को भी सफलतापूर्वक पूरा करने की क्षमता रखता है।
18 लाख प्रधानमंत्री आवासों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे। इसके अलावा राज्य सरकार प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सेवा सेतु, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल मकान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेहतर जीवन स्तर के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार करना है।
आवास मेले के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
कार्यक्रम में वर्ष 2025 के आवास मेले के दौरान मकान बुक कराने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रॉ के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
पूजा बरेठ (सारंगढ़) को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार मिली।
अन्य विजेताओं को स्कूटी, एलईडी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
ओपी चौधरी बोले- विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास की जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश में पूंजीगत विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में नई आवासीय योजनाएं केवल पर्याप्त मांग और बुकिंग के आधार पर शुरू की जाएंगी, जिससे वित्तीय अनुशासन बना रहेगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा।
मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा पूरा फोकस
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि संस्था अब मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, बेहतर वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से मंडल प्रदेश के विकास में पहले से कहीं अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा।