छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, कृषि क्षेत्र की जरूरतों, उर्वरक उपलब्धता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने पर जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ, ग्रामीण और जनजातीय इलाकों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर फोकस किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि प्रदेशवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण इलाज अपने ही राज्य में मिल सके।
किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अधिकारियों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को खेती के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और उन्हें सभी जरूरी संसाधन समय पर मिल सकें।
कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि खाद वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।साथ ही किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ने और नई कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेती में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए किसानों को इन उर्वरकों के लाभों की जानकारी देने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि नैनो तकनीक आधारित उर्वरकों के उपयोग से खेती की लागत कम होगी, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और किसानों की आय में भी सुधार आएगा।
केंद्र-राज्य समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य, कृषि और जनकल्याण के क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है।
वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।