रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे राहत सामग्री
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित और जरूरतमंद लोगों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि राहत कार्य पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ संचालित किए जाएं, ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
सीएम साय ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।
जलनिकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द बहाली पर जोर
मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों और मार्गों की जल्द मरम्मत कर यातायात बहाल करने तथा बिजली, पानी सहित अन्य जनसुविधाओं को शीघ्र सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने को कहा है।
स्थिति पर सरकार की लगातार नजर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन, राहत सामग्री और अन्य सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित न हों।
प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।