रायपुर - सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से देश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों और पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद प्रदेश में पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं लगातार मजबूत हो रही हैं।
छत्तीसगढ़ की पहचान अब वैश्विक स्तर पर बनाई जाएगी
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने निवास कार्यालय में पर्यटन विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों, पहाड़ों, नदियों, जलप्रपातों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से भरपूर राज्य है, जिसकी पहचान अब वैश्विक स्तर पर बनाई जाएगी।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश के नए अवसर खुले हैं
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दुनिया को छत्तीसगढ़ की वास्तविक सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश के नए अवसर खुले हैं। बेहतर होटल, परिवहन और आधुनिक सुविधाओं के विकास से छत्तीसगढ़ को आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा
बैठक के दौरान इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने राज्य में लगभग 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना की जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि यह निवेश पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और छत्तीसगढ़ पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।