रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में मेधावी श्रमिक बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन श्रम विभाग की “नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना” के तहत किया गया।
10वीं-12वीं बोर्ड के टॉप-10 छात्रों को मिला सम्मान
समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाले पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों के 22 बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रत्येक छात्र को 2 लाख रुपये का लाभ
योजना के तहत प्रत्येक मेधावी छात्र को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा दोपहिया वाहन खरीदने के लिए 1 लाख रुपये का विशेष अनुदान भी प्रदान किया गया। इस तरह हर चयनित छात्र को कुल 2 लाख रुपये का लाभ मिला।
श्रमिक परिवारों के लिए 28 योजनाएं संचालित : सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा श्रमिक परिवारों के हित में 28 प्रकार की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें “नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना” बेहद महत्वपूर्ण है, जो श्रमिक परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है।
सीएम साय ने बच्चों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा, “10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को 2 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। आज 22 छात्रों को सम्मानित करने का काम हुआ है। सभी बेटा-बेटियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”