रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ हुई लूट की घटना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशिल आनंद शुक्ला ने राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि जब पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
“स्मार्ट पुलिस” पर कांग्रेस का निशाना
सुशील शुक्ला ने कहा कि जिस समय केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह राजधानी में मौजूद थे, उसी दौरान यह घटना हुई, लेकिन रायपुर की “स्मार्ट पुलिस” अब तक आरोपियों को पकड़ नहीं सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस केवल कागजों में आवेदन लेकर मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और अपराध के आंकड़े कम दिखाने के लिए एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है।
पांच IPS तैनात, फिर भी अपराधियों में नहीं खौफ
कांग्रेस ने दावा किया कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पांच आईपीएस अधिकारियों की तैनाती के बावजूद अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। पार्टी ने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट और भाजपा सरकार दोनों इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।
“बलि का बकरा” पेश करने का आरोप
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि संभव है कि कुछ देर बाद किसी “बलि के बकरे” को आरोपी बनाकर पेश कर दिया जाए। कांग्रेस ने राज्य के गृहमंत्री को हटाने की भी मांग उठाई।
अमित शाह से मुलाकात करेगी कांग्रेस
वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगा। उन्होंने बताया कि बस्तर में विकास, नगरनार स्टील प्लांट और NMDC से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।