शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की फीस बढ़ाकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी फीस में बढ़ोतरी
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राज्य सरकार द्वारा हाई स्कूल की फीस में 90 रुपए तथा हायर सेकेंडरी स्कूल की फीस में 105 रुपए की बढ़ोतरी की जा रही है। पार्टी का कहना है कि पहले से ही पेट्रोल, डीजल, गैस और किराना सामान की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है, ऐसे में स्कूल फीस बढ़ाना जनता पर “ट्रिपल वार” जैसा है।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और राज्य की छत्तीसगढ़ सरकार पर महंगाई बढ़ाने और वैकल्पिक व्यवस्था करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही है।
आज जॉइंट डायरेक्टर कार्यालय के सामने प्रदर्शन
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में शुक्रवार को जॉइंट डायरेक्टर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बढ़ी हुई स्कूल फीस वापस लेने और गरीब छात्रों के लिए निशुल्क पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
RTE भर्ती रोकने का भी होगा विरोध
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि सरकार ने आरटीई के तहत नर्सरी, पहली और दूसरी कक्षा में भर्ती पर रोक लगा रखी है। पार्टी ने इसे शिक्षा के अधिकार के खिलाफ बताते हुए इस फैसले का भी विरोध करने की घोषणा की है।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर दबाव
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शिक्षा आम जनता का अधिकार है और सरकार को फीस बढ़ाने के बजाय गरीब परिवारों को राहत देने के लिए कदम उठाने चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने फीस वृद्धि वापस नहीं ली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।