दंतेवाड़ा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया। मौके से सोने का बिस्किट, नकदी, हथियार और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।
दरअसल, हाल ही में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों की सटीक निशानदेही पर दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों की टीम 12 जुलाई को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया।
सोने का बिस्किट, नकदी और हथियारों का जखीरा मिला
सर्च अभियान के दौरान टीम ने करीब 116 ग्राम का सोने का बिस्किट (अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये), 2 लाख रुपये नकद, इंसास राइफल, AK-47 और SLR की मैगजीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लॉन्चर, रिवॉल्वर, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर, कुकर, नक्सली वर्दी, दवाइयां और नक्सली साहित्य बरामद किया।
आत्मसमर्पण नीति का दिखा असर
पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को राज्य सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति की बड़ी सफलता बताया है। उनका कहना है कि मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादियों के सहयोग से नक्सली संगठन की गतिविधियों और नेटवर्क को लगातार कमजोर किया जा रहा है। सुरक्षा बलों का अभियान क्षेत्र में लगातार जारी है।