दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोड़मा गांव के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन आईईडी (IED) बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियारों से संबंधित सामान, नक्सली वर्दी और साहित्य भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका को देखते हुए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जंगल में मिले तीन IED, मौके पर किए गए निष्क्रिय
सर्चिंग के दौरान सुबह के समय जवानों को जंगल में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम बरामद किया गया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तीनों IED को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।
भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई कई महत्वपूर्ण सामग्री भी बरामद की है, जिनमें विस्फोटक, वायरलेस सेट, डेटोनेटर, नक्सली वर्दी और प्रचार साहित्य शामिल हैं।
लगातार जारी है सर्च अभियान
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में अभी भी नक्सलियों द्वारा छिपाए गए IED, आधुनिक हथियार और नकदी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षाबलों की टीमें लगातार जंगलों में गहन जांच कर रही हैं।
पूरा ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से बेस कैंप लौट आए। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है,