बस्तर - उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बस्तर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
तीसरे दिन कई विभागों के कार्यों का किया निरीक्षण
अरुण साव ने बताया कि प्रवास के तीसरे दिन उन्होंने लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नगरीय निकायों की विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, उनके संबंध में अधिकारियों और ठेकेदारों से चर्चा की गई।
विलंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के कई कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहे हैं। ऐसे कार्यों में देरी के कारणों की विस्तार से समीक्षा की गई है और उन्हें दूर कर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जल जीवन मिशन के कार्यों की भी समीक्षा
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों में भी प्रगति हो रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अरुण साव ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा स्थिति में सुधार और नक्सल प्रभाव कम होने के बाद अब विकास कार्यों को और तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों तक सड़क, पेयजल, आवागमन और शहरी सुविधाएं प्रभावी रूप से पहुंचें।
स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण शहरों पर फोकस
उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद यह सुनिश्चित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है कि नगर स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनें। बस्तर प्रवास के दौरान हुई समीक्षा बैठकों से विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।