रायपुर। राजधानी रायपुर में बीजेपी विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाश
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह जब धरमलाल कौशिक पैदल टहल रहे थे, तभी झपटमार उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले।
CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने संभावित रूट और संदिग्ध गतिविधियों की बारीकी से जांच की।
आरोपी निकला रैपिडो ड्राइवर
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव के रूप में हुई। आरोपी पेशे से रैपिडो ड्राइवर है और मूल रूप से बलौदाबाजार जिले का रहने वाला बताया गया है। वर्तमान में वह रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था।
8 घंटे के भीतर पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।