राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाने में जब्त सामान के रखरखाव और रिकॉर्ड प्रबंधन को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से ई-मालखाना प्रणाली की शुरुआत की गई। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने किया। पुलिस का कहना है कि इस प्रणाली से जब्त सामान की निगरानी, रिकॉर्ड संधारण और ट्रैकिंग पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।
संयुक्त प्रयास से तैयार हुई प्रणाली
ई-मालखाना प्रणाली को डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना प्रभारी बीएल चंद्राकर और मालखाना स्टाफ के संयुक्त प्रयास से विकसित किया गया है। अधिकारियों ने इसे पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अधिकारियों को दिखाया गया लाइव डेमो
शुभारंभ के दौरान मौजूद अधिकारियों को ई-मालखाना प्रणाली की कार्यप्रणाली का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। इसमें डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवार स्टोरेज और डिजिटल रिकॉर्ड ट्रैकिंग की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने नई प्रणाली की कार्यक्षमता का अवलोकन किया।
बारकोड और रैकवार स्टोरेज से होगी आसान ट्रैकिंग
नई व्यवस्था के तहत मालखाने को वैज्ञानिक तरीके से रैकवार व्यवस्थित किया गया है। जब्त सामान को A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में रखा गया है, जिससे किसी भी वस्तु की लोकेशन तुरंत पता लगाई जा सके। प्रत्येक जब्त सामान पर बारकोड लगाया गया है और उसका डिजिटल रिकॉर्ड सॉफ्टवेयर में सुरक्षित किया गया है। इससे सामान जमा करने, निकालने और खोजने की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और आसान हो जाएगी।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
ई-मालखाना प्रणाली के शुभारंभ के अवसर पर डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नई व्यवस्था को पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।