चुनावी साल में दोनों ही दलों के नेताओं के बीच खूब दावे और वादे देखने को मिल रहे है। इसी क्रम में बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने एक बड़ा दावा कर दिया है। विंध्य हमेशा से ही बीजेपी के साथ रहा है, 2018 के चुनाव में विंध्य में भाजपा को 30 में से 26 सीटें मिली थी। भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत मैदान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए दावा किया है कि, इस बार पार्टी सभी 30 सीटें जीतने में कामयाब होगी।
बीजेपी सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है
बीजेपी नेता विजयवर्गीय ने आगे कहा कि, जिस प्रकार पिछले विधानसभा चुनाव में रीवा जिले की जनता ने आप सबके सहयोग से 8 सीटों में विजय दिलायी थी उसको दोहराना हम सबके लिए प्राथमिकता होगी। उन्होंने आगे यह भी कहा कि, हमारे पीएम मोदी ‘सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास’ के साथ आगे बढ़ रहे है। पीएम मोदी और सीएम शिवराज सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है।
जीडीपी की दृष्टि से मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य है
भारतीय जनता पार्टी महासचिव ने आगे कहा कि, जीडीपी की दृष्टि से मध्यप्रदेश अग्रणी राज्य है। जल्द ही एग्रीकल्चर में नंबर 1 दिखाई देगा। इसके अलावा कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि, सड़कों के निर्माण और औद्योगिक विकास में भी अग्रणी राज्य है। बाणसागर परियोजना वर्षो तक लंबित रही, जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया।
बीजेपी सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी
बीजेपी नेता विजयवर्गीय ने कहा कि, भाजपा 2 सांसद से लेकर 303 सांसदों तक का सफर आप सभी कार्यकर्ताओं के दम पर पहुंची है। हमने अपने पूर्वजों के संघर्ष को देखा है। उन्होंने आगे कहा कि, कुशाभाऊ ठाकरे जैसे महापुरुष ने अपने अथक परिश्रम से संगठन को एक नया आयाम दिया था। आज पार्टी की 5वीं पीढ़ी काम कर रही है। कैलाश विजयवर्गीय ने आगे कहा कि, भाजपा एक कार्यकर्ता एवं सिद्धांतो से चलने वाली पार्टी है। आप सब कार्यकर्ताओं के मेहनत एवं समर्पण की वजह से आज हम 18 करोड़ सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
Comments (0)