राजधानी रायपुर के एक फाइव स्टार होटल में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले होटल में मेहमान बनकर चेक-इन किया, तीन दिनों तक लग्जरी सुविधाओं का लाभ उठाया, महंगा भोजन किया और अपने व्यवहार से होटल कर्मचारियों का विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह होटल का लैपटॉप लेकर फरार हो गया।
ऑफिस के काम का बहाना बनाकर ले गया लैपटॉप
घटना रायपुर स्थित होटल हयात की है। पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु निवासी 61 वर्षीय भीमसेन जॉन होटल में तीन दिनों तक रुका। इस दौरान उसने होटल स्टाफ से घनिष्ठता बनाई। बाद में ऑफिस का जरूरी काम होने का हवाला देकर होटल का लैपटॉप अपने साथ ले गया और वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर होटल प्रबंधन को ठगी का एहसास हुआ।
तेलीबांधा थाने में दर्ज हुई शिकायत
मामले की जानकारी मिलने के बाद होटल प्रबंधन ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और उसके मूवमेंट की जानकारी जुटाई जा रही है।
देश के कई शहरों में भी कर चुका है इसी तरह की ठगी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी पर मुंबई, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद समेत कई बड़े शहरों के फाइव स्टार होटलों में भी इसी तरह की ठगी करने के आरोप हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों से जुड़े मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।