रायपुर में वन विभाग में वनरक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपित दीपराज गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने बलौदाबाजार जिले के एक युवक को वन विभाग में सीधी भर्ती कराने का झांसा दिया था।
एक साल तक अलग-अलग किश्तों में ली रकम
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित ने करीब एक वर्ष तक पीड़ित से अलग-अलग किश्तों में 11 लाख रुपये वसूल किए। युवक को भरोसे में लेने के लिए लगातार भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने का दावा किया जाता रहा।
भरोसा दिलाने के लिए दिया फर्जी नियुक्ति पत्र
आरोपित ने ठगी को अंजाम देने के लिए वनरक्षक पद पर नियुक्ति का फर्जी आदेश पत्र भी तैयार किया। यह दस्तावेज पीड़ित को सौंपकर उसे विश्वास दिलाया गया कि उसकी नौकरी लग चुकी है।
विभागीय जांच में खुली फर्जीवाड़े की पोल
जब पीड़ित ने वन विभाग में दस्तावेजों की जांच कराई तो नियुक्ति आदेश पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ और उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।
सरस्वती नगर थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद सरस्वती नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपित दीपराज गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपित ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं।