हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी एक ही परिवार के 4 सदस्य भी शामिल हैं। सभी लोग बेंगलुरु से हिमाचल घूमने आए थे और साच पास में बर्फबारी का नजारा देखने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
डलहौजी से बुक की गई थी टैक्सी
जानकारी के अनुसार, भिलाई मरोदा के अरविंद चंद्राकर अपनी पत्नी प्राची चंद्राकर और बच्चों के साथ लंबे समय से बेंगलुरु में रह रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य भी उनके साथ हिमाचल यात्रा पर गए थे। शुक्रवार दोपहर उन्होंने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी, जिसमें कुल 8 लोग सवार होकर साच पास-जोत क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे।
रात में खाई में गिरी गाड़ी
देर रात यह वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। खाई बेहद गहरी और दुर्गम होने के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर और उनके दो बच्चों समेत सभी 8 लोगों की मौत हो गई।
GPS से हुआ हादसे का खुलासा
जब टैक्सी देर रात तक डलहौजी वापस नहीं लौटी तो वाहन मालिक को शक हुआ। उसने तुरंत GPS लोकेशन चेक की, जिसमें वाहन की स्थिति कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई।
रेस्क्यू में आई कठिनाइयां
शनिवार दोपहर के बाद वाहन के खाई में गिरने की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इलाके में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं।
रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चलाया। खाई की गहराई और दुर्गम स्थिति के कारण लोगों ने रस्सियों और मानव श्रृंखला की मदद से एक-एक कर शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया। कई घंटों के प्रयास के बाद सभी 8 शवों को बाहर निकाला गया।