रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों के लिए 4 और 5 जुलाई को IIM में चिंतन शिविर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ मंत्रीगण को सुशासन और प्रशासनिक कार्यों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
सुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सुशासन एवं अभिसरण विभाग समय-समय पर चिंतन शिविर का आयोजन करता है। उन्होंने बताया कि मंत्री होने के नाते इस प्रकार के प्रशिक्षण और चिंतन शिविर का लाभ मिलता है। साव ने कहा कि पिछले दो चिंतन शिविरों से भी सरकार को काफी लाभ मिला है और इस बार 4 एवं 5 जुलाई को IIM में फिर से कार्यक्रम प्रस्तावित है।
विशेषज्ञ देंगे विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन
अरुण साव ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ मंत्रीगण को प्रशासन, सुशासन और नीति निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे, जिससे शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
कांग्रेस के सवालों पर अरुण साव का जवाब
IIM में मंत्रियों के प्रशिक्षण को लेकर कांग्रेस द्वारा सवाल उठाए जाने पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि "सीखने की कोई उम्र नहीं होती है।"
साव ने कहा कि यदि कांग्रेस को यह बात भी समझ में नहीं आती तो उनकी बुद्धि पर तरस आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दुनिया की सबसे पुरानी पार्टी को भी आज प्रशिक्षण की जरूरत पड़ रही है।
"कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है"
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। केवल बयानबाजी करना और राजनीति करना ही उसका स्वभाव बन गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लगातार सीखने और बेहतर शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा हर व्यक्ति में सीखने की इच्छा होनी चाहिए।