राजधानी रायपुर में अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार के खिलाफ कबीर नगर पुलिस स्टेशन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ई.पी. रोलिंग मिल के पास छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस को क्षेत्र में अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल के भंडारण एवं बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां भारी मात्रा में ईंधन का अवैध भंडारण पाया गया।
14,100 लीटर अवैध ईंधन किया गया जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 14,100 लीटर अवैध पेट्रोल और डीजल बरामद किया। इसके साथ ही ईंधन परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टैंकर और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
जब्त सामग्री की कीमत 35 लाख से अधिक
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए ईंधन, टैंकर और अन्य सामग्रियों की कुल कीमत लगभग 35 लाख 45 हजार 770 रुपये आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास ईंधन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
रायपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अवैध ईंधन कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।