रायपुर रेल मंडल और स्थानीय प्रशासन ने आईआरसीटीसी एवं रेलवे के लोगो का दुरुपयोग कर कम क्षमता वाले चाय के पेपर कप बनाने वाली फर्म पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान बड़ी संख्या में कम साइज के कप जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई यात्रियों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने और फर्जी ब्रांडिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई।
स्टेशन पर चाय कप की क्षमता पर हुआ संदेह
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने रायपुर रेलवे स्टेशन के स्टॉलों में उपयोग हो रहे चाय के कप की क्षमता पर संदेह जताया था। जांच में सामने आया कि स्टेशन पर सप्लाई होने वाले कप नर्मदापारा स्थित रवि ट्रेडिंग से लाए जा रहे थे। पूछताछ में पता चला कि कप गुढ़ियारी स्थित आदित्य पेपर फर्म से खरीदे गए थे।
IRCTC लोगो का अवैध उपयोग उजागर
इसके बाद एसडीएम रायपुर नंद कुमार चौबे, नापतोल विभाग के निरीक्षक जीवंत सिंह कंवर, रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने आदित्य पेपर फर्म में जांच की। जांच में पाया गया कि IRCTC के लोगो का अवैध उपयोग करते हुए निर्धारित क्षमता से कम साइज के कप तैयार किए जा रहे थे।
14 बोरे कप जब्त, जांच जारी
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान कम क्षमता वाले कप के 14 बोरे जब्त किए। नापतोल विभाग ने 20 कपों की माप क्षमता की जांच के लिए नमूने लिए हैं। साथ ही 14 बोरों को सील कर जब्त कर लिया गया। संबंधित संचालकों को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
रेलवे ने यात्रियों से मांगी शिकायत की सूचना
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि यात्रियों को परोसे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों में गुणवत्ता और मात्रा के मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जी ब्रांडिंग या लोगो के दुरुपयोग को गंभीरता से लिया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की शिकायत या अनियमितता दिखाई दे तो वे रेलवे हेल्पलाइन 139 या रेल मदद के माध्यम से इसकी सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।