रायपुर- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद छात्र को NEET-UG री-एग्जाम 2026 में शामिल होने की अनुमति दे दी है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की बेंच ने सुनवाई के बाद आदेश दिया कि छात्र को पुलिस सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्र ले जाया जाए और परीक्षा पूरी होने के बाद वापस जेल लाया जाए।
हाईकोर्ट का बड़ा आदेश
कोर्ट ने रायपुर पुलिस कमिश्नर और जेल अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि छात्र की परीक्षा में भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि परीक्षा के दौरान और आने-जाने के समय पूरी सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न हो।
जेल में रहते हुए परीक्षा की तैयारी के निर्देश
याचिका पर सुनवाई के दौरान छात्र की ओर से कहा गया कि वह परीक्षा देना चाहता है और उसके पास एडमिट कार्ड भी है। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत राहत दी और जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि छात्र को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए ताकि वह तैयारी कर सके।
NEET परीक्षा को लेकर सुरक्षा सख्त
इधर NEET परीक्षा को देखते हुए छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रायपुर में 19 परीक्षा केंद्रों पर कलेक्टर और एसएसपी ने निरीक्षण किया। पेपर लीक जैसी घटनाओं को देखते हुए सभी केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
छात्रों के लिए रेलवे की खास व्यवस्था
परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। 10 ट्रेनों में 40 अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे, ताकि छात्रों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके अलावा विशेष मेमू ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू
सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने छात्रों के लिए 24 घंटे की मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू की है। इससे परीक्षा के तनाव या घबराहट से जूझ रहे छात्रों को विशेषज्ञ सहायता मिल सकेगी।