रायपुर। रायपुर के इनडोर स्टेडियम में जैन समाज के आचार्य पदारोहण महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और देशभर से आए जैन संत शामिल हुए। महोत्सव में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
विनय कुशल मुनिजी को मिलेगी आचार्य पदवी
महोत्सव का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण 71 वर्षों बाद जैन मुनि विनय कुशल मुनिजी महाराज को आचार्य पदवी प्रदान किया जाना है। इस ऐतिहासिक अवसर के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल से भी जैन संत और श्रद्धालु रायपुर पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री बोले- संतों के चरणों से छत्तीसगढ़ धन्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि देशभर और नेपाल से आए जैन संतों के चरण पड़ने से छत्तीसगढ़ धन्य हो गया है। प्रदेश की ओर से सभी संतों का अभिनंदन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का आशीर्वाद समाज और प्रदेश के विकास में प्रेरणादायी होता है।
स्कूलों में मंत्रोच्चार पर भी रखी राय
समारोह के दौरान मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्कूलों में मंत्रोच्चार को लेकर चल रही बहस पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कारों का विकास भी आवश्यक है। उनका मानना है कि मंत्रोच्चार से बच्चों में आध्यात्मिक शक्ति जागृत होती ह और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
देशभर से पहुंचे संत और श्रद्धालु
आचार्य पदारोहण महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों और नेपाल से पहुंचे जैन संतों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए कार्यक्रम में भाग लिया। आयोजकों के अनुसार यह समारोह जैन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर है।