रायपुर। रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम मांठ में कथित धर्मांतरण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पास्टर सुशांत ज्ञानिक और पीयूष पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत के अनुसार, 24 जून की शाम आदिवासी मोहल्ले में आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। ग्रामीणों का आरोप है कि सभा में मौजूद लोगों पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव भी बनाया गया, जिससे क्षेत्र में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
BNS और धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत केस दर्ज
ग्रामीणों की शिकायत पर खरोरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।