राजधानी रायपुर में शासकीय मदिरा दुकानों में सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को खम्हारडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर बेरोजगार युवकों से रकम वसूली और लंबे समय तक उन्हें नौकरी का भरोसा देकर गुमराह करते रहे।
मोबाइल मैसेज के जरिए बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम लखुर्री निवासी शिवधन सागर को सितंबर 2025 में मोबाइल पर छत्तीसगढ़ की विभिन्न शासकीय मदिरा दुकानों में भर्ती संबंधी संदेश प्राप्त हुआ। संदेश में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर योगेश साहू ने स्वयं को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए उसे रायपुर बुलाया।
नौकरी के नाम पर वसूले तीन लाख रुपये
रायपुर पहुंचने पर योगेश साहू ने प्रार्थी और उसके परिचितों को शासकीय मदिरा दुकानों में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले प्रत्येक व्यक्ति से 1.50 लाख रुपये की मांग की गई। झांसे में आकर प्रार्थी और उसके साथियों ने फोन-पे और नगद के माध्यम से कुल तीन लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर किया विश्वास कायम
रकम लेने के बाद आरोपी ने प्रार्थी के दो साथियों को जिला कोरबा स्थित शासकीय विदेशी मदिरा दुकान के नाम से नियुक्ति पत्र सौंप दिए। जब इन नियुक्ति पत्रों की जांच कराई गई तो वे पूरी तरह फर्जी निकले। इसके बाद पीड़ितों ने आरोपियों से जवाब मांगा।
दूसरे आरोपी ने भी ऐंठे डेढ़ लाख रुपये
पैसे वापस करने के बजाय योगेश साहू ने प्रार्थी की मुलाकात अपने साथी दिलीप यादव से कराई। दिलीप यादव ने खुद को एक निजी कंपनी का ऑपरेशन हेड बताते हुए जांजगीर-चांपा जिले की मदिरा दुकान में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसने भी फोन-पे और नगद के माध्यम से 1.50 लाख रुपये अतिरिक्त ले लिए, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही कोई नियुक्ति आदेश दिया।
4.50 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज
बार-बार पैसे मांगने पर दोनों आरोपी टालमटोल करते रहे। न तो नौकरी उपलब्ध कराई गई और न ही ली गई राशि लौटाई गई। इस तरह आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से प्रार्थी और उसके साथियों से कुल 4.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 203/26 के तहत धारा 318(4) एवं 336(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना प्रभारी खम्हारडीह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पूछताछ में कबूला जुर्म, दोनों आरोपी गिरफ्तार
लगातार दबिश के बाद पुलिस ने योगेश साहू और दिलीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने शासकीय मदिरा दुकानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे लेने और धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी।