छह हजार करोड़ रुपये के महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने टीवी होस्ट शेफाली बग्गा से लगातार दूसरे दिन रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में पूछताछ की। एजेंसी इस मामले में कथित प्रचार-प्रसार और वित्तीय गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
पहले दिन पांच से छह घंटे चली पूछताछ
इससे पहले गुरुवार को भी शेफाली बग्गा से करीब पांच से छह घंटे तक लंबी पूछताछ की गई थी। शुक्रवार को उन्हें फिर से ईडी कार्यालय बुलाया गया, जहां अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उनसे सवाल-जवाब किए।
वित्तीय लेन-देन और सोशल मीडिया गतिविधियों पर सवाल
ईडी अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान उनके वित्तीय लेन-देन, ऑनलाइन बेटिंग एप के प्रचार-प्रसार, डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया अकाउंट और टेलीग्राम चैनल से जुड़ी जानकारी मांगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन प्लेटफॉर्मों के माध्यम से किसी प्रकार का प्रचार या आर्थिक लेन-देन हुआ था या नहीं।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी
जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद ईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया। एजेंसी के पास कुछ प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है, जिनमें कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग एप का प्रचार-प्रसार दिखाई देता है। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।