सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस ने अनोखी पहल की है। सरायपाली व्यापारी महासंघ के सहयोग से थाना सरायपाली परिसर में हेलमेट वितरण एवं यातायात जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
सड़क हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को किया गया आमंत्रित
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सड़क दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खो चुके परिवारों के सदस्यों को विशेष रूप से चिन्हित कर कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। इन परिवारों के अनुभवों और पीड़ा के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही किसी एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी बदल सकती है।
एसडीओपी ललिता मेहर के नेतृत्व में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का संचालन अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) ललिता मेहर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सरायपाली व्यापारी महासंघ के वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही उन्हें वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की शपथ दिलाई गई।
'हेलमेट चालान से बचने का नहीं, जिंदगी बचाने का कवच'
पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण कवच है। सड़क दुर्घटना कब और कैसे हो जाए, इसका अनुमान किसी को नहीं होता। ऐसे में प्रत्येक दोपहिया वाहन चालक को हर परिस्थिति में हेलमेट पहनना चाहिए। पुलिस ने बताया कि कई सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी कम कर सकता है।
शराब पीकर और मोबाइल का इस्तेमाल कर वाहन न चलाने की अपील
जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। साथ ही शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की भी समझाइश दी गई।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
व्यापारी महासंघ ने पुलिस की पहल को बताया सराहनीय
सरायपाली व्यापारी महासंघ के प्रतिनिधियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। व्यापारी महासंघ ने भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देने की बात कही।
पत्रकारों को भी बांटे गए हेलमेट
कार्यक्रम के दौरान जनजागरूकता में सक्रिय योगदान देने वाले पत्रकारों को भी हेलमेट प्रदान किए गए। इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, स्वयं नियमित रूप से हेलमेट पहनने और अपने परिवार व परिचितों को भी हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। महासमुंद पुलिस और सरायपाली व्यापारी महासंघ की इस पहल से सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया।