राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि उसकी ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल
घटना के बाद प्लांट के आसपास की आवासीय कॉलोनियों और कुम्हारी बस्ती क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
प्रशासन और पुलिस कर रहे निगरानी
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम प्लांट में हुए जान-माल के नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आ सकेगी।