महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े रायपुर के कोटा स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित ‘मातृछाया’ के 20वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने संस्था द्वारा नवजात, परित्यक्त और बेसहारा बच्चों के संरक्षण, पालन-पोषण, शिक्षा और संस्कार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
बच्चों को मिल रहा सुरक्षित आश्रय और बेहतर भविष्य
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मातृछाया ऐसे बच्चों को सुरक्षित आश्रय, स्नेह और बेहतर भविष्य देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। संस्था में बच्चों की देखभाल के साथ-साथ कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें निःसंतान दंपतियों को गोद देने की व्यवस्था भी की जाती है।
खोए बच्चों को परिवार से मिलाने में भी योगदान
मंत्री ने कहा कि सेवा भारती खोए हुए बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। संस्था की यह पहल बच्चों को संरक्षण देने के साथ-साथ उन्हें उनके परिवार से दोबारा मिलाने में भी मददगार साबित हो रही है।
‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना से हो रहा कार्य
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना के साथ कार्य कर रहे मातृछाया के कार्यकर्ता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सेवा भारती ‘मातृछाया’ परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और संस्था के सेवा कार्यों के निरंतर विस्तार की कामना की।