करीब दो सप्ताह की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 14 दिनों से महाराष्ट्र के सोलापुर के आसपास ठहरा मानसून अब आगे बढ़ने लगा है।मुंबई में हुई तेज बारिश के बाद इसका असर अब छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून के आसपास छत्तीसगढ़ के कुछ और क्षेत्रों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि 21 से 26 जून के बीच प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा, राजनांदगांव सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर के लालपुर मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने जारी की सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि गरज-चमक के समय पेड़ों के नीचे खड़े न हों। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी के साथ करें।