मध्यप्रदेश कांग्रेस में प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट की खोज के लिए टैलेंट हं’ कार्यक्रम शुरू किया है। पार्टी ने इच्छुक उम्मीदवारों से 28 फरवरी 2026 तक आवेदन मांगे हैं। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से रखने वाले प्रशिक्षित और शोध-आधारित प्रवक्ताओं का चयन करना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे,जयवर्धन सिंह और मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक मौजूद रहे।
पत्रकारों और मीडिया से जुड़े लोगों को खुला आमंत्रण
जीतू पटवारी ने नेशनल टैलेंट हंट के तहत पत्रकारों और मीडिया क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों को भी कांग्रेस से जुड़ने का ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है और जो लोग कांग्रेस की विचारधारा से सहमत हैं, वे इस प्रक्रिया के माध्यम से पार्टी का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
राहुल गांधी की पहल से जुड़ा अभियान
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि यह कार्यक्रम राहुल गांधी की पहल से प्रेरित है। इसका उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली लोगों को सामने लाना है, जो टीवी डिबेट, सार्वजनिक मंचों और राजनीतिक विमर्श में तथ्यों और शोध के आधार पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रख सकें। उन्होंने इसे पत्थर में छिपे हीरे को तलाशने की शुरुआत बताया।
कितने पदों पर होगा चयन?
मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक के अनुसार चयन प्रक्रिया गुणवत्ता-आधारित और सीमित होगी। प्रदेश स्तर पर 20 अधिकृत प्रवक्ता चुने जाएंगे। संभाग और जिला स्तर पर दो-दो प्रवक्ता नियुक्त होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर दो पैनलिस्ट और एक विशेष अंग्रेजी मीडिया पैनलिस्ट का चयन होगा। इसके अलावा प्रवक्ता, शोध कोऑर्डिनेटर और प्रचार-प्रसार कोऑर्डिनेटर के पदों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन और चयन प्रक्रिया
16 फरवरी से आवेदन फॉर्म जारी कर दिए गए हैं। अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संभाग स्तर पर इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू में एआईसीसी द्वारा नामित कोऑर्डिनेटर, टैलेंट हंट कमेटी के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और संबंधित जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। पार्टी का कहना है कि लक्ष्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि सक्षम और शोधपरक प्रतिनिधि तैयार करना है, जो प्रदेश और राष्ट्रीय मंचों पर कांग्रेस की बात प्रभावी ढंग से रख सकें।
Comments (0)