भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के करीब 22 जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना जताई है। दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से अगले 48 घंटे तक मौसम अस्थिर रहने के आसार हैं। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कई जगह बादल छाए रहने का अनुमान है।
कई शहरों में बादल, लोगों को सावधानी की सलाह
राजधानी भोपाल सहित देवास, सीहोर और विदिशा जैसे जिलों में दिनभर बादल रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है।
मौसम बदलाव की वजह क्या है?
मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार प्रदेश के ऊपर दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय हैं, साथ ही एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का भी असर बना हुआ है। इन सिस्टम्स के कारण ही अचानक मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। बुधवार को इसका प्रभाव अधिक जिलों में रहेगा, जबकि गुरुवार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
आज: कई जिलों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना
कल: ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में हल्का असर, फिर मौसम सामान्य होने के संकेत
कटनी सबसे ठंडा, बड़े शहरों में बढ़ा तापमान
मौसम बदलने से पहले प्रदेश के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कटनी के करौंदी इलाके में न्यूनतम तापमान 8°C रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे कम रहा। शहडोल, पचमढ़ी और रीवा में भी तापमान करीब 10°C के आसपास रहा। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिन हल्की अस्थिरता के बाद प्रदेश में फिर सामान्य मौसम लौट सकता है।
Comments (0)