मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक मंगलवार, 1 जुलाई को वल्लभ भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें वृंदावन ग्राम योजना, लैपटॉप वितरण, और राज्य के सभी पुलों की मरम्मत जैसे विषय प्रमुख रहे।
मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना को हरी झंडी
कैबिनेट ने "मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना" को मंजूरी दी। इसके तहत हर विधानसभा से एक गांव का चयन होगा, जिसकी आबादी कम से कम 2000 हो और हितग्राही के पास 500 से अधिक गौवंश हों। इन गांवों को आदर्श मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।
पशुपालन और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा
गांवों में आजीविका के नए अवसर विकसित किए जाएंगे
पहले चरण में प्रदेश के 313 विकासखंडों में यह योजना लागू होगी
1 जुलाई से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत
राज्यभर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत भी की गई है। यह अभियान जल गंगा संरक्षण अभियान की तर्ज पर 1 जुलाई से 15 सितंबर तक चलेगा। इसका उद्देश्य पौधरोपण को जनआंदोलन बनाना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह अभियान पूरी क्षमता से संचालित किया जाए।
मेधावी छात्रों को लैपटॉप और साइकिल वितरण
4 जुलाई को प्रदेशभर के मेधावी छात्रों को लैपटॉप और साइकिल वितरित किए जाएंगे। यह योजना विद्यार्थियों को डिजिटल सशक्तिकरण और शैक्षणिक प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
प्रदेश के 1766 पुलों की होगी मरम्मत
कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 1766 पुलों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर ₹4572 करोड़ खर्च होंगे, और सभी पुलों को 5 वर्षों में दुरुस्त किया जाएगा।
Comments (0)