रायपुर। नई दिल्ली में 10 जून को NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी शामिल होंगे और राज्यों के विकास कार्यों तथा केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रस्तुत करेंगे छत्तीसगढ़ सरकार की रिपोर्ट
बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री साय राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में राज्य के विकास मॉडल और केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी।
नीति आयोग की बैठक में भी शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 11 जून को भारत मंडपम में प्रस्तावित नीति आयोग की बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में देशभर के राज्यों के विकास एजेंडे, आर्थिक योजनाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।
बस्तर के विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग संभव
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री साय नीति आयोग की बैठक के दौरान बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज की मांग कर सकते हैं। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है।
केंद्र-राज्य समन्वय पर रहेगा फोकस
NDA शासित राज्यों की इस बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में आगामी विकास योजनाओं, सुशासन मॉडल और राज्यों में केंद्र की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी रणनीति तैयार की जा सकती है।